Shooter Narmada Nitin: भारत की अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाज नर्मदा नितिन, जिन्होंने चल रहे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 उत्तर प्रदेश में रजत पदक जीता है, अपने अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने और अपनी रैंकिंग में सुधार करने का लक्ष्य लेकर चल रही हैं।
मद्रास विश्वविद्यालय, चेन्नई की एक होनहार अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज नर्मदा नितिन के लिए मई का महीना काफी शानदार रहा है। पिछले पखवाड़े उन्हें खेल मंत्रालय की टॉप्स (टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम) परियोजना में शामिल किया गया जिससे उन्हें अभ्यास के लिए वित्तीय सहायता मिलेगी।
शनिवार को उन्होंने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में रजत पदक जीता। इन खेलों की निशानेबाजी प्रतियोगिता डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में हो रही है। 24 शॉट फाइनल में, नर्मदा ने अपने से अधिक अनुभवी प्रतिद्वंद्वी मेहुली घोष के साथ संघर्ष किया, जिन्होंने स्वर्ण पदक जीता।