Diamond League: पेरिस ओलंपिक में नीरज चोपड़ा एक बार फिर भारत के लिए पदक के सबसे प्रबल दावेदार हैं। टोक्यो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड चैम्पियनशिप 2023 में भी गोल्ड मेडल जीता था। इसके अलावा वह डायमंड लीग 2022 में भी गोल्ड जीत चुके हैं। उन्होंने 2022 के एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था। क्या नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक में अपने खिताब को डिफेंड कर पाएंगे, यह देखना दिलचस्प होगा।
ओलंपिक के इतिहास में चेक गणराज्य के महान भाला फेंक खिलाड़ी जान जेलेजनी ने लगातार तीन बार गोल्ड जीतकर सबसे ज्यादा बार अपने खिताब का डिफेंड किया है। वह ओलंपिक के साथ-साथ वर्ल्ड चैम्पियनशिप में भी अपने खिताब को डिफेंड कर रिकॉर्ड बना चुके हैं। जान जेलेजनी को भाला फेंक प्रतियोगिता का डॉन ब्रैडमैन कहा जा सकता है, जिनके रिकॉर्ड को तोड़ना बहुत मुश्किल है।
हालांकि, नीरज अगर अपने खिताब की रक्षा करने में कामयाब रहते हैं, तो वह जान जेलेजनी के रिकॉर्ड के थोड़ा करीब जरूर आ सकते हैं। नीरज से पहले नॉर्वे के एंड्रियास थॉर्किल्डसेन ने 2004 और 2008 में अपने खिताब को डिफेंड किया था। इससे पहले ऐसा प्रदर्शन 1908 और 1912 में एरिक लेमिंग और 1920 व 1924 में फिनलैंड के जॉनी मायरा ने किया था। तब 1924 का ओलंपिक भी पेरिस में ही हुआ था।