SA vs AUS 1st Test: मैट रेनेशॉ साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई बन गए हैं। 30 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज ने शनिवार को किंग्समीड में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में 397 गेंदों का सामना करते हुए 1 छक्के और 21 चौकों के साथ 190 रन की पारी खेली।
यह रेनेशॉ के टेस्ट करियर का दूसरा शतक रहा, जो उन्होंने करीब साढ़े 9 साल के लंबे इंतजार के बाद लगाया है। इससे पहले रेनेशॉ ने जनवरी 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ सिडनी में 184 रन की पारी खेली थी।
मैट रेनशॉ साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे पायदान पर पहुंच गए। उनसे ऊपर ग्रेग ब्लूएट हैं, जिन्होंने इस टीम के विरुद्ध साल 1997 में जोहान्सबर्ग में 214 रन जड़े थे। एडम गिलक्रिस्ट साल 2002 में इसी मैदान पर 204 रन की नाबाद पारी खेल चुके हैं। वहीं, हर्बी कॉलिन्स ने जोहान्सबर्ग में साल 1921 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 203 रन बनाए थे।