इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टी20 वर्ल्ड कप में ऐसा इतिहास रच दिया, जो आज तक कोई कप्तान नहीं कर सका था। पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-8 के मुकाबले में 50 गेंदों में शतक जड़कर ब्रूक टी20 वर्ल्ड कप कप में ये कारनामा करने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन गए। उनकी इस पारी ने न सिर्फ रिकॉर्ड बनाया, बल्कि इंग्लैंड को सेमीफाइनल का टिकट भी दिला दिया।
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज के पांचवें मुकाबला में मंगलवार (24 फरवरी) को इंग्लैंड और पाकिस्तान आमने-सामने थी। पल्लेकेले में खेले गए इस मुकाबले में हैरी ब्रूक ने बल्लेबाजी की ऐसी मास्टरक्लास दिखाई, जिसने रिकॉर्ड बुक में उनका नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज कर दिया। पाकिस्तान के खिलाफ नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लैंड के कप्तान ने महज 50 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 51 गेंदों में 100 रन की ऐतिहासिक पारी खेली।
ब्रूक ने अपनी इस पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए। उनके इस शतक के साथ ही वे आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप वर्ल्ड कप के इतिहास में शतक जड़ने वाले पहले कप्तान बन गए। इससे पहले कप्तान के रूप में इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2010 में भारत के खिलाफ 98 रन बनाए थे।