इंडियन प्री्मियर लीग (IPL) 2026 में लगातार हार का सामना कर रही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। खबर है कि महेंद्र सिंह धोनी अगले कुछ दिनों में फिटनेस टेस्ट देंगे और अगर वोे फिटनेस टेस्ट में पास हो जाते हैं तो वो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
धोनी अब तक CSK के तीनों मैच नहीं खेल पाए हैं। IPL 2026 शुरू होने से पहले ही ये खबर आई थी कि पिंडली में खिंचाव के कारण वो शुरुआती दो हफ़्ते नहीं खेल पाएंगे।वो चेन्नई में रिहैब से गुजर रहे हैं और मैचों के लिए टीम के साथ सफ़र नहीं किया है। 'द इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट के अनुसार, अगर झारखंड का ये क्रिकेटर फिटनेस टेस्ट पास कर लेता है, तो वो शनिवार (11 अप्रैल) को चेन्नई में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ होने वाले CSK के अगले मैच के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।
बता दें कि उन्होंने दोबारा ट्रेनिंग शुरू कर दी है और अच्छी लय में दिख रहे हैं। हालांकि, रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि CSK मैनेजमेंट धोनी को प्लेइंग इलेवन में वापस लाने की कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता। ऐसे में अगर धोनी फिटनेस टेस्ट पास कर लेते हैं तो भी शायद मैनेजमेंट उन्हें एक मैच में आराम दे सकता है।