महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 2026 के प्लेऑफ में जगह बनाने की कोशिश कर रही सिडनी थंडर को बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया की ओपनर जॉर्जिया वॉल 'कन्कशन' (सिर की चोट) के कारण सीजन के बाकी मैचों से बाहर हो गई हैं।
21 नवंबर को होबार्ट में होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ मैच के दौरान 23 वर्षीय वॉल की टक्कर अपनी ही टीम की साथी जेम्मा बार्सबी से हो गई थी, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। शुरुआत में तो वॉल ने सिर की चोट से जुड़ा अनिवार्य टेस्ट पास कर लिया था, लेकिन मैच के बाद उनमें कुछ लक्षण दिखाई दिए। बाद में मेडिकल जांच में 'कन्कशन' की पुष्टि हुई, जिसके चलते वह गुरुवार को एडिलेड स्ट्राइकर्स और 28 नवंबर को सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ होने वाले मैचों से बाहर हो गईं।
स्ट्राइकर्स के खिलाफ मैच के लिए थंडर ने अपनी टीम में युवा ऑलराउंडर लुसी फिन को शामिल किया है, क्योंकि वह अपने बैटिंग कॉम्बिनेशन को फिर से व्यवस्थित करने की तैयारी कर रही हैं। अनिका लेरॉयड (जिन्हें हाल ही में ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम में चुना गया है) और ताहलिया विल्सन, टॉप ऑर्डर में उनकी जगह लेने के संभावित विकल्पों में शामिल हैं।