विश्वास कीजिए पिछले दिनों एक ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोअर (Ben Treloar) भारत में दो रणजी ट्रॉफी मैच में अंपायर थे। सबसे पहले पालम में दिल्ली और गुजरात के बीच मैच और उसके बाद मुंबई और हरियाणा के बीच मैच में। ऐसी क्या बात हुई कि एक ऑस्ट्रेलियाई अंपायर को यहां ड्यूटी मिली? बात यहीं खत्म नहीं होती। इसी तरह, बहुत जल्दी एक भारतीय अंपायर पराशर जोशी (Parashar Joshi) ऑस्ट्रेलिया में शेफ़ील्ड शील्ड (ऑस्ट्रेलिया की घरेलू क्रिकेट चैंपियनशिप) के दो और एक वन डे कप मैच में अंपायरिंग करेंगे।
अंपायर का ये एक्सचेंज, असल में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और बीसीसीआई के बीच 'अंपायर एक्सचेंज प्रोग्राम' (Umpire Exchange Programme) का हिस्सा है। इस प्रोग्राम के तहत ट्रेलोअर ऐसे पहले नहीं जो भारत आए, उनसे पहले भी कई विदेशी अंपायर भारत के घरेलू मैचों में अंपायरिंग कर चुके हैं। ये अपने साथ कई यादगार अनुभव और दिलचस्प किस्से लेकर, अपने देश लौटे।
2020 में आए ऑस्ट्रेलियाई अंपायर ग्रेग डेविडसन (Greg Davidson) तो यहां बिताए दिन, आज भी याद करते हैं। वे वडोदरा (गुजरात) में रणजी ट्रॉफी मैच अंपायर थे और इसके बाद मुंबई में खेले एक मैच में। 6 फुट 10 इंच लंबे डेविडसन, आसानी से पहचान में आ जाते थे और जहां ऑस्ट्रेलिया में कोई उन पर ध्यान भी नहीं देता था, यहां लोग उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने आए तो उन्हें किसी सेलिब्रिटी जैसा महसूस हुआ। वे याद करते हुए कहते हैं, 'मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा शोर और भीड़ थी, बिल्कुल किसी खचाखच भरे क्रिकेट स्टेडियम की तरह।'