ये सुनने में अजीब लगेगा लेकिन सच है। एक क्लब के क्रिकेट बैज पर बना पेड़, दो इंग्लिश परंपराओं, क्रिकेट और क्राइम फिक्शन के अनोखे मिलन का प्रतीक है।
इस स्टोरी की चर्चा की वजह, भारत में कहीं न छपी, ये खबर है कि बार्टन क्रिकेट क्लब (Barton Cricket Club) उस मुकाम पर है जिसे हर क्रिकेट क्लब पाना चाहेगा, यानि कि 100 साल का सफर। इंग्लैंड में डेवोन (Devon) का यह क्लब इस साल अपनी शताब्दी का जश्न मना रहा है। ये टॉरक्वे (Torquay) में क्रिकेट, खिलाड़ियों, परिवारों और कम्युनिटी लाइफ के 100 साल का जश्न है। इस जश्न में कई पीढ़ियों के पुराने खिलाड़ी और सदस्य शामिल हो रहे हैं और जो प्रोग्राम इस मौके पर हो रहे हैं उनमें टॉरक्वे यूनाइटेड के फुटबॉलरों के साथ एक टी20 मैच भी खेलना है।
इस सब के अतिरिक्त बार्टन क्रिकेट क्लब के साथ एक और खास और अनोखी बात जुड़ी है। इसके लोगो को देखिए, ये एक पेड़ है। यह सिर्फ सजावट के लिए बना निशान नहीं, वह पेड़ है जिसकी अपनी एक शानदार स्टोरी है। ये पेड़ इसी क्लब के ग्राउंड में था और ये पेड़ ही इस 100 साल पुराने क्रिकेट क्लब को दुनिया की सबसे क्राइम लेखिकाओं में से एक से जोड़ता है। विश्वास कीजिए, यह पेड़ "क्राइम की रानी" (Queen of Crime) अगाथा क्रिस्टी (Agatha Christie) से जुड़ा है। कोई मानेगा नहीं पर ये सच है कि बचपन में उन्हें क्रिकेट से बड़ा लगाव था।