2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन में, वेन्यू बदलने की खबरों में एक खबर हैदराबाद से भी है। वहां के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (Rajiv Gandhi International Cricket Stadium) में बड़े पैमाने पर रिनोवेशन का काम चल रहा है, इसलिए मौजूदा सीजन में हैदराबाद टीम अपने सभी घरेलू मैच जिमखाना ग्राउंड (Gymkhana Ground) में खेल रही है। इस फैसले के साथ ही जो जिमखाना ग्राउंड इस शहर की क्रिकेट में चर्चा से सालों से बाहर था, एक बार फिर सामने और चर्चा में आ गया है।
जब तक हैदराबाद में उप्पल (Uppal) में एक आधुनिक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम नहीं बना था, जिमखाना ही हैदराबाद क्रिकेट की पहचान था। फ्लड लाइट्स, बड़ी इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन और खचाखच भरे इंटरनेशनल स्टेडियमों के क्रिकेट की पहचान बनने से बहुत पहले, सिकंदराबाद के जुड़वां शहर का ये जिमखाना ग्राउंड ही, हैदराबाद क्रिकेट का सेंटर था। अब, इस ऐतिहासिक ग्राउंड के पास घरेलू क्रिकेट में अपनी जगह फिर से हासिल करने का मौका है।
जिमखाना ग्राउंड तो इतना पुराना है कि यहां 19वीं सदी से ही क्रिकेट खेल रहे हैं। ब्रिटिश आर्मी ऑफिसर, शहर के नवाब और पारसी कम्युनिटी के लोग यहां खेलते थे। 1931 में, मोइन-उद-दोला गोल्ड कप (Moin-ud-Dowlah Gold Cup) टूर्नामेंट के तहत यहां, हैदराबाद और महाराज कुमार ऑफ विजयनगरम की टीम के बीच पहला फर्स्ट-क्लास मैच खेला गया। तीन साल बाद, एमसीसी टीम यहां खेली और ये हैदराबाद में खेलने वाली पहली ऑफिशियल विदेशी टीम थी। मेहमान टीम में इंग्लैंड के दो मशहूर बल्लेबाज, जैक हॉब्स और हर्बर्ट सटक्लिफ भी थे। इस मैच ने जिमखाना को क्रिकेट के नक्शे पर एक जानी-मानी जगह के तौर पर पहचान दिलाई।