ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मुकाबला एडिलेड ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 355 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए हैं। जो रूट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली।
रूट ने 68 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों की मदद से 62 रन बनाए। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के साथ ही रूट ने बड़ा मुकाम भी हासिल कर लिया है। रूट इंग्लैंड की तरफ से वनडे क्रिकेट में 50 अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। रूट ने अपना अर्धशतक पारी के 22वें ओवर में पूरा करते हुए यह खास उपलब्धि हासिल की। रूट के बाद इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन का नाम है, जिन्होंने 50 ओवर के फॉर्मेट में कुल 42 फिफ्टी लगाई हैं।
वहीं, इयान बेल 35 अर्धशतक के साथ तीसरे नंबर पर हैं। वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भारत के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 463 वनडे मुकाबलों में कुल 96 अर्धशतक लगाए हैं। सचिन के बाद इस सूची में दूसरे नंबर पर 93 अर्धशतक के साथ कुमार संगाकारा हैं, जबकि जैक कैलिस 86 फिफ्टी के साथ तीसरे नंबर पर हैं।