Afghanistan vs Zimbabwe, ODI Tri-Series Final: अफगानिस्तान के अनुभवी दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी (Mohammad Nabi) ने अपने शानदार इंटरनेशनल करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है। जिम्बाब्वे के खिलाफ शुक्रवार (23 अक्टूबर) को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में नबी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 300 विकेट पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले अफगानिस्तान के केवल दूसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले राशिद खान यह मुकाम हासिल कर चुके हैं।
मोहम्मद नबी ने अपना 300वां इंटरनेशनल विकेट एक खास अंदाज में हासिल किया। इस दौरान विकेट के पीछे रहमानुल्लाह गुरबाज (Rahmanullah Gurbaz) ने अपनी फुर्ती दिखाते हुए शानदार स्टंपिंग की और जिम्बाब्वे के बल्लेबाज वेस्ले मधेवी (Wesley Madhevere) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। नबी की चतुराई भरी गेंद और गुरबाज की तेजी ने मिलकर इस विकेट को खास बना दिया।
यह घटना जिम्बाब्वे की पारी के 29वें ओवर की दूसरी गेंद में देखने को मिली। नबी गेंदबाजी कर रहे थे और उनके सामने वेस्ले मधेवी मौजूद थे। अनुभवी ऑफ स्पिनर ने इस बार गेंद थोड़ी छोटी रखी, जो टप्पा खाने के बाद बल्लेबाज की तरफ तेजी से घूम गई। मधेवी क्रीज से आगे निकलकर शॉट खेलने की कोशिश में थे, लेकिन गेंद उनके बल्ले को छकाते हुए अंदरूनी किनारे से टकराई और सामने वाले पैड से लगकर स्लिप की दिशा में चली गई।