भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच में ही रिटायरमेंट लेकर हर किसी को हैरान कर दिया। उनकी रिटायरमेंट के बाद कुछ क्रिकेट पंडितों ने ये भी माना कि अश्विन के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया गया जिसके चलते उन्होंने ये फैसला लिया। भारत के पूर्व बल्लेबाज सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने भी कहा कि टीम प्रबंधन ने आर अश्विन के साथ सही व्यवहार नहीं किया, जिसके कारण उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट लेना पड़ा।
अश्विन के इस फैसले से बद्रीनाथ हैरान हैं, उन्होंने कहा कि ऑफ स्पिनर को इससे बेहतर विदाई मिलनी चाहिए थी। अश्विन ने ब्रिसबेन के गाबा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट के ठीक बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करके सभी को चौंका दिया। वो रोहित शर्मा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए और मीडिया को अपने फैसले की जानकारी दी।
इंडिया टुडे के हवाले से स्टार स्पोर्ट्स तमिल से बद्रीनाथ ने कहा, "मैं हैरान हूं। उनके साथ सही व्यवहार नहीं किया गया। रोहित ने कहा कि अश्विन पर्थ टेस्ट के बाद रिटायरमेंट लेना चाहते थे, क्योंकि वॉशिंगटन को उनसे बेहतर माना गया था। इससे पता चलता है कि अश्विन नाखुश थे। तमिलनाडु के क्रिकेटर के लिए यह बहुत बड़ी बात है। दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों को ज़्यादा मौके मिलते हैं। तमाम चुनौतियों के बावजूद अश्विन ने 500 से ज़्यादा टेस्ट विकेट लिए।"