बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे में एक अजीब और विवादित रन आउट ने सबका ध्यान खींच लिया। पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान अली आगा को ऐसे अंदाज में आउट दिया गया कि वह हैरान रह गए। आउट होने के बाद उनका गुस्सा भी साफ देखने को मिला। मैदान से लौटते वक्त उन्होंने गुस्से में हेलमेट और ग्लव्स तक फेंक दिए।
ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में शुक्रवार (13 मार्च) को खेले जा रहे बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दूसरे वनडे मुकाबले में एक बेहद अजीबोगरीब और विवादित घटना देखने को मिली। दरअसल, यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुई जब मेहदी हसन मिराज गेंदबाजी कर रहे थे। उस समय क्रीज पर मोहम्मद रिजवान और सलमान अली आगा अच्छी साझेदारी बना रहे थे। रिजवान अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, जबकि आगा भी रनगति को बनाए हुए थे और 64 रन पर खेल रहे थे।
ओवर की चौथी गेंद पर रिजवान ने सीधा शॉट खेला, जो नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े सलमान आगा के पैड से टकराकर रुक गया। आगा ने खेल भावना दिखाते हुए गेंद उठाई और उसे गेंदबाज मेहदी हसन मिराज को देने की कोशिश की। लेकिन मिराज ने मौका देखते ही गेंद उठाई और सीधे स्टंप्स पर मार दी, क्योंकि उस समय आगा क्रीज से बाहर थे।