द्वितीय विश्व युद्ध के बाद एशिया के देशों में शांति की स्थापना और सद्भावना को बढ़ाने के उद्देश्य से एशियाई खेलों की शुरुआत की गई है। 1951 में शुरू किया गया खेलों का ये महाकुंभ दुनिया के बड़े खेल आयोजनों में से एक है और वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित है। एशियाई खेलों को एशियाड भी कहा जाता है।
1951 में एशियाई खेलों का पहला संस्करण नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। हर 4 साल पर ये खेल आयोजित किए जाते हैं। इसका आयोजन एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) द्वारा किया जाता है। ओसीए से मान्यता प्राप्त 45 देश एशियाई खेलों में भाग लेते हैं। अब तक एशियाई खेलों के 19 संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं। अगला संस्करण जापान के आइची और नागोया प्रांतों में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। भारत में 1951 के अलावा 1982 में भी एशियाई खेलों का आयोजन किया गया था।
एशियाई खेलों में गोताखोरी, तैराकी, लयबद्ध तैराकी, वाटर पोलो, तीरंदाजी, दंगल, बैडमिंटन, बेसबॉल, बास्केटबॉल, बोर्ड क्रीड़ाएं, बॉक्सिंग, डोंगीयन, क्रिकेट, साइक्लिंग, नृत्य क्रीड़ाएं, ड्रैगन नौका, घुड़सवारी, फुटबॉल, गोल्फ, जिम्नास्टिक, हैण्बॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कराटे, रग्बी यूनियन, पाल नौकायन, सेपाक्टाक्रौ, निशानेबाजी, सॉफ्टबॉल, सॉफ्ट टेनिस, स्क्वैश, टेबल टेनिस, ताइक्वाण्डो, टेनिस, त्रीक्रीड़ा, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, कुश्ती, वूशू आदि खेलों में प्रतिस्पर्धा होती है।