हाल ही में, खबर आई कि सर डॉन ब्रैडमैन (Don Bradman) की एक मशहूर ‘बैगी ग्रीन’ कैप, गोल्ड कोस्ट में नीलाम हुई : कैप के लिए मिले 460,000 ऑस्ट्रेलिया डॉलर + 15 प्रतिशत नीलाम करने वालों की कमीशन। आज तक इस महान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की जो भी कैप नीलाम हुई हैं- उनमें से सबसे बड़ी कीमत का रिकॉर्ड इस कैप से बना।
ये कैप ब्रैडमैन ने, स्वतंत्र भारत की पहली टेस्ट सीरीज (1947-48) यानि कि 1948 में रिटायर होने से पहले, अपनी आखिरी घरेलू टेस्ट सीरीज में पहनी थी। उनका आख़िरी टेस्ट करियर बैटिंग एवरेज 99.94 रहा।
ये कैप इसके बाद भी भारत से जुड़ी रही क्योंकि ब्रैडमैन ने इसे, उस सीरीज में खेले भारत के क्रिकेटर रंगा सोहोनी (Ranga Sohoni) को गिफ्ट कर दिया। कैप के अंदर ‘डी.जी. ब्रैडमैन’ और ‘एस.डब्ल्यू. सोहोनी’ नाम लिखे हैं और इतने साल बाद भी ये अच्छी कंडीशन में है। कैप को जिसने भी खरीदा (नाम गुप्त रखा है), इस सहमति से खरीदा कि कैप एक ऑस्ट्रेलियाई म्यूज़ियम में डिस्प्ले के लिए ही रखी रहेगी।