टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच आखिरी ओवर में ऐसा ड्रामा देखने को मिला जिसने मैच का पूरा रंग बदल दिया। 28 रन के समीकरण से शुरू हुआ ओवर अचानक विवाद में बदल गया, जब अंतिम दो गेंदों को वाइड करार दिया गया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज का 10वां मुकाबला शनिवार (28 फरवरी) को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, कैंडी में खेला गया, जहां पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। श्रीलंका को जीत के लिए आखिरी ओवर में 28 रन चाहिए थे और गेंद थामी थी शाहीन अफरीदी ने।
कप्तान दासुन शनाका पहले से ही तूफानी अंदाज़ में खेल रहे थे। उन्होंने ओवर की शुरुआत में चौका और फिर लगातार तीन छक्के जड़कर मैच का समीकरण 2 गेंदों में 6 रन पर ला दिया, लेकिन असली ड्रामा पांचवीं गेंद पर हुआ। शाहीन ने ऑफ साइड की तरफ लो फुल टॉस डाली। शनाका ने स्कूप खेलने की कोशिश की लेकिन चूक गए। उन्हें लगा गेंद वाइड लाइन के बाहर है और उन्होंने तुरंत वाइड की अपील की, मगर अंपायर रॉड टकर ने हाथ नहीं फैलाया।