भारत में जब भी बिलियर्ड्स की बात चलती है, तो सबसे पहले पंकज आडवाणी का चेहरा सामने आता है। लंबे समय से आडवाणी बिलियर्ड्स में देश का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं और खिताब दिलाते रहे हैं। पंकज भारतीय बिलियर्ड्स का सुनहरा वर्तमान जरूर हैं, लेकिन जिस खिलाड़ी ने इस खेल को देश में लोकप्रिय बनाया और पहली बार विश्व चैंपियन बना, वो हैं विल्सन जोंस।
विल्सन जोंस का जन्म 2 मई 1922 को पुणे में हुआ था। विल्सन बचपन से ही खेलों में रुचि रखते थे। वे शुरुआत में हॉकी और क्रिकेट खेलते थे। 17 साल की उम्र में विल्सन ने पहली बार बिलियर्ड्स टेबल देखी थी। 18 साल की उम्र में उन्होंने बिलियर्ड्स खेलना शुरू किया। उनकी इस खेल में ऐसी दिलचस्पी बढ़ी कि बाकी खेल पीछे छूट गए। इस खेल में कुछ बड़ा करने का जुनून ऐसा था कि वे रात में काम करते थे और दिन में खेलते थे।
विल्सन ने 1949 में पहली बार राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में कदम रखा था, तब टी. जे. सेल्वाराज से हार गए थे। हार ने उनके जोश को कम नहीं किया और अगले ही साल सेल्वाराज को ही हराकर नेशनल चैंपियन बने। इसके बाद विल्सन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 12 बार नेशनल चैंपियन बने। पांच बार स्नूकर में वह नेशनल चैंपियन रहे।