T20 World Cup: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में गुरुवार को भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 मैच में 4 विकेट खोकर 256 रन बनाए। इस पारी में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 55 रन जुटाए। बाएं हाथ के ओपनर अभिषेक शर्मा ने कहा कि वह इस पारी से बेहद खुश हैं। वह टूर्नामेंट में इस पल का काफी समय से इंतजार कर रहे थे।
अभिषेक लीग स्टेज में तीन बार बगैर खाता खोले आउट हुए थे। वह पेट में इन्फेक्शन के कारण नामीबिया के खिलाफ मैच भी नहीं खेल पाए थे, जिसके चलते उन्हें नई दिल्ली के हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ 26 गेंदों में अर्धशतक लगाना भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की कोशिश में उनके लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है।
25 वर्षीय अभिषेक शर्मा ने मिड-इनिंग्स चैट में ब्रॉडकास्टर्स से कहा, "जब आप टीम के लिए योगदान देते हैं तो यह हमेशा बहुत अच्छा होता है। मैं इस पल का काफी लंबे समय से इंतजार कर रहा था, आखिरकार यह हुआ। मैं सच में बहुत खुश हूं। मैं बस पिच पर कुछ समय बिताना चाहता था क्योंकि अगर आप देखें, तो मैंने पूरे टूर्नामेंट में अभी तक 10-12 गेंदें भी नहीं खेली हैं।"