फुटबॉल दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल है। मौजूदा समय में फुटबॉल की चर्चा होते ही हमारी आंखों के सामने क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोनल मेसी, नेमार, किलियन म्बाप्पे, हैरी केन, और एर्लिंग हालैंड के चेहरे आ जाते हैं। लेकिन 18 साल के एक लड़के ने फुटबॉल की दुनिया में तेजी से इन खिलाड़ियों की लोकप्रियता को चुनौती दी है, नाम है लैमिन यमाल। यमाल को फुटबॉल की दुनिया का अगला बड़ा सुपरस्टार माना जा रहा है। आइए हम बताते हैं कि आखिर 18 साल के इस लड़के को फुटबॉल की दुनिया अपने भविष्य के रूप में क्यों देख रही है?
13 जुलाई 2007 को लैमिन यमाल का जन्म बार्सिलोना, स्पेन में हुआ था। बार्सिलोना फुटबॉल का गढ़ है। इसका असर यमाल पर पड़ा और बचपन में ही उन्होंने फुटबॉलर बनने का सपना देख लिया। इसमें उनके पिता का भरपूर सहयोग मिला। मोरक्को मूल के यमाल के पिता मुनीर अपने बेटे के हर मैच में मौजूद रहते और उनका हौसलाअफजाई करते।
यमाल 7 साल की उम्र में ही अपने आयु वर्ग की बार्सिलोना की टीम में शामिल हो गए। उम्र बढ़ती गई और टीम उन्हें प्रमोट करती गई। 2023 से वह बार्सिलोना सीनियर टीम के लिए खेल रहे हैं। 2023 में ही 16 साल की उम्र में यमाल ने स्पेन के लिए डेब्यू किया था। 16 साल 57 दिन की उम्र में 2023 यूरो कप में स्पेन के लिए यमाल ने गोल किया था। स्पेन की तरफ से सबसे कम उम्र में लगाया गया ये गोल है। यूरो सेमीफाइनल खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी यमाल ने फ्रांस की मजबूत रक्षा पंक्ति को भेदते हुए दर्शनीय गोल मारा था। बड़े खिलाड़ियों की रक्षा पंक्ति को भेदते हुए लगाए इस गोल ने बता दिया यमाल फुटबॉल में बड़ी पारी खेलने आए हैं।