एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने बुधवार को खिलाड़ियों के स्पॉन्सरशिप समझौतों के लिए पहले से अनुमति अनिवार्य करने के अपने फैसले को स्पष्ट किया। फेडरेशन का कहना है कि यह कदम खिलाड़ियों और स्पॉन्सर्स, दोनों के हितों की सुरक्षा के लिए उठाया गया है। एएफआई के अनुसार, उनकी लीगल टीम खिलाड़ियों को संभावित जोखिमों और कानूनी जटिलताओं से बचने के लिए सलाह देगी, ताकि वे किसी भी अनुबंध में बिना पूरी जानकारी के न फंसें।
उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते एएफआई ने यह नियम लागू किया था, जिसके तहत अब किसी भी खिलाड़ी को किसी स्पॉन्सर या थर्ड पार्टी के साथ समझौता करने से पहले फेडरेशन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
एक बयान में फेडरेशन ने कहा, "एएफआई को अपने हालिया फैसले पर मिली प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी है, जिसमें एथलीट्स के लिए किसी तीसरे पक्ष के साथ समझौता करने से पहले फेडरेशन से मंजूरी लेना जरूरी किया गया है। यह सोच-समझकर लिया गया फैसला कुछ स्पॉन्सर की ओर से एएफआई का ध्यान इस ओर खींचने के बाद आया है। हम चाहते हैं कि एथलीट कॉन्ट्रैक्ट साइन करने में उलझने के बजाय अपनी ट्रेनिंग और मुकाबले पर ध्यान दें।"