इन दिनों के पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव का एक क्रिकेट कनेक्शन है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अशोक डिंडा (Ashok Dinda) ने 2021 की अपनी पहली जीत (1260 वोट से) के बाद, अपने जन्मस्थान मोयना (Moyna) से फिर से असेंबली चुनाव में जीत हासिल की (इस बार 16,241 वोट से)। भारत के लिए 13 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल में क्रमशः 12 और 17 विकेट लिए। एक ख़ास बात और, जो टी20 इंटरनेशनल खेले उनमें से हर एक में कम से कम एक विकेट जरूर लिया। 2012 में कैंडी में श्रीलंका के विरुद्ध शानदार जीत में 19 रन पर 4 विकेट के साथ करियर का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया।
अशोक डिंडा अभी भी अपने उन आलोचकों को नहीं भूले हैं, जिन्होंने 2019-20 रणजी ट्रॉफी शुरू होने से ठीक पहले बंगाल टीम से बिना किसी स्पष्टीकरण बाहर किए जाने पर उनका मजाक उड़ाया था। हाल ही में, अशोक डिंडा ने बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के विज़न प्रोजेक्ट में कोच के तौर पर भी काम किया लेकिन अब तो पश्चिम बंगाल के नए खेल मंत्री के नाते उनकी पूरे राज्य के खेलों के लिए जिम्मेदारी है।
अशोक डिंडा 2021 में असेंबली चुनाव से पहले, अपना खेल करियर खत्म करने के बाद, राजनीति में आए थे। संयोग से, उसी दिन, भारत के एक और क्रिकेटर मनोज तिवारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हुए। मनोज जीते तो पश्चिम बंगाल के नए खेल मंत्री बने हालांकि तब भी एक एक्टिव क्रिकेटर थे। रणजी ट्रॉफी में बंगाल की कप्तानी भी की थी। अब अशोक डिंडा के पास वही पोर्टफोलियो है। इस तरह पश्चिम बंगाल को एक और क्रिकेटर खेल मंत्री मिल गया है। मनोज से पहले इस मिनिस्ट्री में लक्ष्मी रतन शुक्ला थे और वे भी भारतीय क्रिकेट में एक और जाना-पहचाना नाम हैं।