IPL 2026, Gujarat Titans vs Chennai Super Kings Highlights: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार (21 मई) को खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए GT ने 229 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में CSK की टीम 140 रन पर सिमट गई। इस हार के साथ चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है।
आईपीएल 2026 के 66वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस को कप्तान शुभमन गिल और साईं सुदर्शन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 74 गेंदों में 125 रन की शानदार साझेदारी की।
शुभमन गिल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। दूसरी तरफ साईं सुदर्शन ने एक छोर संभाले रखा और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 84 रन ठोके। उनकी पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।