SA vs BAN 1st Test: साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश को पहले टेस्ट मैच में 9 विकेट से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में गुरुवार (19 नवंबर) को मैच के पांचवें और आखिरी दिन एक दिलचस्प घटना देखने को मिली। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज इबादत हुसैन (Ebadot Hossain) ने शानदार गेंद डालकर साउथ अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज एडेन मार्करम को बोल्ड (Aiden Markram) कर दिया। वह विकेट मिलने के बाद सेलिब्रेट करने लगे, लेकिन तभी अंपायर के एक फैसले ने उनकी खुशी पर पानी फेर दिया।
दरअसल, बांग्लादेश की दूसरी पारी 168 रन पर सिमटने के बाद साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए सिर्फ 12 रन का लक्ष्य था। इस छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम की पारी का दूसरा ओवर इबादत हुसैन लेकर आए। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर गुड लेंथ पर डाली, जो पिच पर पड़ने के बाद तेजी से अंदर की तरफ आई।
मार्करम इस गेंद को समझने में पूरी तरह नाकाम रहे और गेंद उनके बल्ले तथा पैड के बीच से निकलकर सीधे ऑफ स्टंप से जा टकराई। गेंद की रफ्तार इतनी तेज थी कि ऑफ स्टंप उखड़कर दूर जा गिरा। विकेट मिलते ही इबादत हुसैन साथी खिलाड़ियों के साथ सेलिब्रेट करने लगे। हालांकि, उनकी यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। फील्ड अंपायर ने थर्ड अंपायर से चर्चा करने के बाद गेंद को नो बॉल करार दे दिया।