SA vs BAN: साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए अच्छी खबर सामने आई है। टीम के युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा (Nahid Rana) चोट से उबरने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं। उन्हें मेडिकल विशेषज्ञों की ओर से खेलने की मंजूरी मिल गई है। ऐसे में उम्मीद है कि वह 1 दिसंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में बांग्लादेश की टीम का हिस्सा बन सकते हैं।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, नाहिद राणा ने ऑस्ट्रेलिया में अपना रिहैबिलिटेशन पूरा कर लिया है और अब वह बांग्लादेश लौट चुके हैं। इस रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि नाहिद राणा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चिकित्सकों से मिले थे और ऑस्ट्रेलियाई डॉक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे खेलने के लिए फिट घोषित किया गया है।
नाहिद राणा की चोट की समस्या इस साल जुलाई में बांग्लादेश के जिम्बाब्वे दौरे के दौरान शुरू हुई थी। उस समय उन्हें ग्रेड-2 साइड स्ट्रेन हुआ था। इसके बाद रिहैबिलिटेशन के दौरान उनके ग्लूट मसल्स में भी चोट लग गई, जिसके चलते वह अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के साथ हुई ट्राई सीरीज में हिस्सा नहीं ले सके।