हरियाणा थंडर ने रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में दिल्ली दंगल वॉरियर्स को 5-4 से मात देकर प्रो रेसलिंग लीग 2026 का खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद, हेड कोच वीरेंद्र दहिया ने फ्रेंचाइजी की सफलता का श्रेय इसके दीर्घकालिक दृष्टिकोण को दिया। इसके साथ ही उन्होंने उभरते हुए पहलवानों के लिए लीग के महत्व पर जोर दिया।
वीरेंद्र दहिया ने कहा कि लीग ने विदेशी खिलाड़ियों से सीखने के कीमती अनुभव दिए। इसके साथ ही उन्होंने विश्वास जताया है कि भारतीय पहलवान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
फाइनल के बाद दहिया ने 'आईएएनएस' को बताया कि मैनेजमेंट को शुरू से ही कोचिंग स्टाफ पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा, "जब फ्रेंचाइजी ने पहले दिन मुझसे और हमारे असिस्टेंट कोच प्रसाद से बात की, तो उन्होंने पूरी जिम्मेदारी हमें सौंप दी। उन्होंने कभी नहीं कहा कि हमें टीम को चैंपियन बनाना है। उन्होंने बस इतना कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों और नए टैलेंट को मौके दिए जाने चाहिए। नीलामी के दौरान, हमने क्वालिटी वाले पहलवानों और भारतीय खिलाड़ियों को चुनने पर ध्यान दिया, जिन्हें इस प्लेटफॉर्म से फायदा होगा। हमने टीम में संतुलन बनाए रखने के लिए 18-19 साल के पहलवानों को चुना। इसीलिए हम सेमीफाइनल, फिर फाइनल तक पहुंचे और आखिरकार जीत गए। यह पूरी टीम वर्क का नतीजा था।"