एटीपी दिल्ली ओपन 2026 के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। आखिरी मिनट में मुख्य ड्रॉ में जगह पक्की करने वाले 26 वर्षीय एम. सुरेशकुमार ने डीएलटीए कॉम्प्लेक्स में पुरुष एकल के पहले क्वालिफाइंग राउंड में इटली के पांचवीं वरीयता प्राप्त 19 वर्षीय लोरेंजो कार्बोनी को 4-6, 6-2, 6-3 से हराया। पहला सेट गंवाने के बाद सुरेशकुमार ने शानदार वापसी की और एक घंटा 53 मिनट तक चले मुकाबले में मैच अपने नाम किया।
वहीं, क्वालिफाइंग में वाइल्ड कार्ड से उतरे भारतीय खिलाड़ी रामकुमार रामनाथन ने चीनी ताइपे के त्सुंग-हाओ हुआंग को सीधे सेटों में 6-1, 6-3 से मात दी। रामकुमार ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबला एकतरफा अंदाज में जीता।
एटीपी चैलेंजर 75 सीरीज के तहत आयोजित इस टूर्नामेंट में एकल और डबल चैंपियन को 75 रैंकिंग अंक मिलेंगे। डबल्स उपविजेता को 50 अंक, जबकि एकल उपविजेता को 44 अंक दिए जाएंगे।