मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल को शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया। बेरवाल को मिला ये सम्मान उनके वर्षों की कड़ी मेहनत और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश के लिए जीते गए पदकों का परिणाम है।
एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल ने सम्मान पाने के बाद कहा, "राष्ट्रपति द्वारा अर्जुन पुरस्कार मिलने से मैं बहुत खुश हूं। मैंने अपने गांव, जिले और देश का नाम रोशन किया है। मैं आगे भी देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करूंगा।"
14 नवंबर 1994 को हरियाणा के हांसी जिले के गांव सोरखी में जन्मे नरेंद्र बेरवाल ने वर्षों की कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण की वजह से मुक्केबाजी के क्षेत्र में अपना बड़ा नाम बनाया है। उन्होंने वर्ष 2009 में मुक्केबाजी का सफर शुरू किया था। भिवानी बॉक्सिंग अकादमी में कोच देवराज के मार्गदर्शन में उन्होंने बॉक्सिंग के गुर सीखे। वर्ष 2013 में भारतीय सेना में भर्ती होने के बाद भी उनका खेल के प्रति जुनून कम नहीं हुआ और उन्होंने देश की सेवा के साथ अपने अभ्यास को जारी रखा।