भारतीय शटलर लक्ष्य सेन ने रविवार को जापान में कुमामोटो मास्टर्स का खिताब जीतकर इतिहास रचा। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने लगातार दो बीडब्ल्यएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीतकर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है। लक्ष्य ने अपनी हालिया सफलता का श्रेय मुश्किल मैचों के दौरान खुद पर भरोसा बनाए रखने की अपनी क्षमता को दिया है।
पुरुष एकल फाइनल में लक्ष्य ने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी की और जापान के कोकी वातानाबे को 13-21, 21-18, 21-14 से हराया। उन्होंने एक घंटे चार मिनट में यह जीत हासिल की। इससे पहले, इस महीने की शुरुआत में उन्होंने जर्मनी में 'हाइलो ओपन' जीता था। लक्ष्य के करियर में ऐसा पहली बार हुआ है जब उन्होंने एक ही सीजन में दो वर्ल्ड टूर खिताब जीते हैं।
लगातार दो खिताब जीतने के कारणों पर बात करते हुए लक्ष्य ने कहा कि उनके आत्मविश्वास ने उन्हें उन मैचों में भी जीत दिलाने में मदद की, जहां उन्हें शुरुआत में पिछड़ने के बाद वापसी करनी पड़ी थी। फाइनल के बाद उन्होंने कहा, "मुश्किल मैचों के बावजूद मैंने अपना आत्मविश्वास बनाए रखा। कई मैचों में मेरी शुरुआत खराब रही और मैं पहला गेम हार गया था, लेकिन अच्छी बात यह रही कि मैंने खुद पर भरोसा रखा, खेलना जारी रखा और संघर्ष करता रहा।"