1989 की एशेज खेलने इंग्लैंड जाते हुए फ्लाइट में डेविड बून (David Boon) के बीयर के 52 केन पीने का जो किस्सा है- उस पर खुद डेविड बून पहली बार खुल कर बोले।  

Advertisement

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों का शराब से प्यार। डेविस बून तो ख़ास तौर पर इसके लिए खूब मशहूर रहे हैं और उनके उसी किस्से को इस बार चर्चा में लेते हैं। डेविड बून वही क्रिकेटर हैं जिन्होंने टेस्ट में 21 शतक बनाए- इनमें से 7 इंग्लैंड के विरुद्ध और ये रिकॉर्ड खुद बता देता है कि वे कैसे बल्लेबाज थे? 107 टेस्ट में 43.65 औसत से 7422 रन पर दुनिया इन गिनती से ज्यादा उन्हें उनकी ट्रेडमार्क मूंछों और 52 बीयर की स्टोरी के लिए जानती है। कितनी क्रिकेट जानते हैं-इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि आईसीसी के सबसे 'बिजी' मैच रेफरी में उनका नाम है। 

बून के नाम के साथ जुड़ा 52 बीयर केन का किस्सा खूब मशहूर है और इसके लिए वे खूब 'बदनाम' भी हुए। वे अक्सर ये कहते रहे कि खबर सच नहीं पर मानते यही हैं कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया टीम की फ्लाइट में किसी भी क्रिकेटर के सबसे ज्यादा बीयर पीने के डग वाल्टर्स और रॉड मार्श के 44 बीयर का रिकॉर्ड तोड़ा- ये रिकॉर्ड 1973 में कैरेबियन टूर से ऑस्ट्रेलिया लौटने की फ्लाइट में बना था। तब लगा था कि यह रिकॉर्ड नहीं टूटेगा। बून की स्टोरी- क्रिकेट की सबसे मशहूर 'इन-फ्लाइट' स्टोरी में से एक है।  

बून कहते हैं कि उनके रिकॉर्ड की ऐसी रिपोर्ट किसी परीकथा जैसी कल्पना हैं पर टीम में मौजूद दो और क्रिकेटर ज्योफ लॉसन और डीन जोन्स ने हमेशा कहा कि बून ने 52 केन पिए थे। लॉसन का तो दावा है कि वह एयरलाइन सिक बैग पर स्कोरिंग कर रहे थे- तो गलती कैसे हो सकती है? जोन्स का दावा था कि इनमें से 22 बियर तो सिंगापुर तक गटक गए थे। जोन्स ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था- 'मैं ऊपर सो गया था पर अचानक ज़ोर से तालियों की गड़गड़ाहट हुई और फ्लाइट के कप्तान ने घोषणा की कि बून का स्कोर 52 रहा है और ये नया रिकॉर्ड है। इसी शोर से उनकी नींद खुली। जोरदार तालियां सुनकर कोच सिम्पसन भी जग गए पर उन्हें लगा था कि किसी ने कोई  बड़ा कार्ड गेम जीत लिया है। 

बून ने 2006 में कहा था- 'मुझे मालूम है कि मेरे बारे में बहुत सारी कहानियां मशहूर हैं जिन्हें पिछले कुछ सालों में खूब बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता रहा है। हमने अपना क्रिकेट उस दौर में खेला जहां यही कहते थे कि मजा करो पर क्रिकेट पर असर न आने दो।' उस सीरीज में बून का औसत 55 रहा और ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज 4-0 से जीती।

ये क्वांटास की फ्लाइट थी और कहते हैं जब इसके हीथ्रो पर लैंड करने के बाद डेविड बून बाहर निकले, तो ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड तोड़ने के बाद भी बिलकुल 'फ्रेश' नजर आ रहे थे। वह 30 अप्रैल, 1989 का दिन था। एलन बॉर्डर टूर टीम के कप्तान थे। ये बड़ी लंबी क्वांटास फ्लाइट थी- सिडनी से सिंगापुर (जहां रुके) और वहां से हीथ्रो। तब फ्लाइट बड़ी लंबी होती थीं और क्रिकेटर टाइम पास करने का अपना-अपना तरीका ढूंढ लेते थे पर सब कंट्रोल में रहता था। टीम के साथ तीन सीनियर बॉर्डर, बॉबी सिम्पसन (मैनेजर) और लॉरी सॉले (सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन) थे पर ये तीनों ऊपर के डैक में थे। इन्हें मालूम ही न पड़ा कि नीचे कौन सा मैच चल रहा है? 

कहते तो ये हैं कि 1977 और 1983 में भी टूर फ्लाइट में वाल्टर्स और मार्श के रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश हुई पर कामयाबी नहीं मिली। खुद मार्श के 1983 में 46 के स्कोर का जिक्र कई किताबों में मिलता है। 

जब बून ने 'रिकॉर्ड' तोड़ने की मुहिम शुरू की तो मर्व ह्यूज और मार्क टेलर उनका साथ दे रहे थे। फिर डीन जोन्स इनके साथ शामिल हो गए। जोन्स बड़े चालाक थे- कंट्रोल में रहे और 'स्कोरिंग' भी कर रहे थे। ये जोन्स ने ही बाद में एक ऑस्ट्रेलियन पेपर को बताया था कि बून सिंगापुर तक बीयर की अपनी 22वीं केन खत्म कर चुके थे। फ्लाइट स्टाफ ने भी विक्टोरिया बिटर बियर के 52 केन के रिकॉर्ड की गिनती की पुष्टि की। ह्यूज तो और आगे निकल गए- इस गिनती को ग़लत बताकर 53 केन कहते रहे।

 

टीम कोच-मैनेजर सिम्पसन को जब ये सब पता चला तो वे बड़े नाराज हुए- इतने ज्यादा कि बून को टूर के बीच से ऑस्ट्रेलिया वेआपस भेजने के बारे में सोचने लगे थे। ये हो भी गया होता पर सवाल उनकी जगह लेने वाले पर अटक गया। कोई तैयार न हुआ तो सिम्पसन इस कोशिश में जुट गए कि ये किस्सा दबा दिया जाए, मीडिया को कुछ खबर न लगे- इसलिए टीम पर कर्फ्यू लगा दिया। गड़बड़ ये हुई कि ह्यूज तब तक एक रेडियो स्टेशन को ये किस्सा सुना चुके थे। 

उसके बाद तो टीम प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑस्ट्रेलियाई मीडिया इसी पर सवाल पूछता था। ये भी एक स्टोरी है कि जब टीम स्पांसर  XXXX ने एक कॉकटेल पार्टी दी तो उसमें बून ने फिर से खूब बीयर पी- इतनी ज्यादा कि सोते रह गए और दो प्रेक्टिस सैशन में 'एब्सेंट' थे।

वैसे एक बड़ी मजेदार चर्चा ये है कि आखिरकार बून ने कितनी बीयर पी? तब केन में 375 एमएल बीयर होती थी और 52 केन का मतलब हुआ- 19.5 लीटर बीयर। बून अब यही कहते है कि क्या कोई इतना पी सकता है? तब उस बीयर में 4.6% अल्कोहल होता था- इसका मतलब है बून 24 घंटे में 897 एमएल शुद्ध, बिना मिलावट, शराब पी गए। तब की गाइड लाइन में तो एक दिन में इसका तीसरा हिस्सा पीना भी गलत मानते थे।

Also Read: Live Score

संयोग देखिए कि बाद में बून इसी शराब कंपनी वीबी के ब्रांड एंबेसडर बने। दूसरी तरफ अब बून के लिए तसल्ली की बात ये है कि जनवरी 2015 में यूएसए में एक क्रॉस-कंट्री फ्लाइट के दौरान बेसबॉल हॉल ऑफ फेमर वेड बोग्स ने 107 बियर के साथ बून के रिकॉर्ड की 'धज्जियां' उड़ा दीं। डेविड बून अब कहते हैं कि जो हुआ सही नहीं हुआ पर वे इस 52 वाली गिनती को सही नहीं मानते और इसके पीछे उनकी दलील ये है कि इतना पीने के बाद तो वे 'आउट ऑफ कंट्रोल' हो गए होते- ऐसा नहीं हुआ।
 

लेखक के बारे में

Charanpal Singh Sobti
Charanpal Singh Sobti is a veteran cricket writer with more than five decades of experience covering the game. At Cricketnmore, he brings his extensive knowledge, unique perspective and deep understanding of cricket to readers through insightful news, analysis, historical pieces and fascinating stories from the world of cricket. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार