ऑफ फॉर्म चल रहे सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में बेशक खराब दौर से गुजर रहे हैं लेकिन इन हालात में उन्हें टीम के प्रमुख कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) का समर्थन मिला है जिनका कहना है कि राहुल को लेकर चिंता करने की कोई बात नहीं है। राहुल ने इस वर्ल्ड कप में सुपर 12 के तीन मैचों में 4, 9 और 9 रन (कुल 22) ही बनाये हैं।

Advertisement

द्रविड़ ने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "टीम प्रबंधन पूरी तरह राहुल का समर्थन करता है और उसे अपनी पहली पसंद ओपनर की फॉर्म को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है।"

Advertisement

द्रविड़ ने कहा, "इन मुश्किल परिस्थितियों में हम उन्हें थोड़ा और बर्दाश्त कर सकते हैं। जैसा मैंने कहा कि हम उनका पूरी तरह समर्थन करते हैं। हम जानते हैं कि जब वह चलेंगे तो वह कैसा प्रभाव छोड़ सकते हैं जैसा उन्होंने कुछ सप्ताह पहले ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम के खिलाफ अभ्यास मैच में किया था। मुझे इस बात में कोई संदेह नहीं कि कौन ओपन करने जा रहा हैं।"

राहुल लगातार चार अर्धशतकों के साथ इस टूर्नामेंट में पहुंचे थे। द्रविड़ ने कहा, "राहुल एक जबरदस्त खिलाड़ी हैं। उनका शानदार ट्रैक रिकॉर्ड है। वह शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं लेकिन इस तरह की चीजें टी20 में हो जाती हैं। परिस्थितियां बहुत मुश्किल हैं और टॉप आर्डर के बल्लेबाज के लिए आसान नहीं हैं। यह टूर्नामेंट चुनौतीपूर्ण है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच में उन्होंने शानदार अर्धशतक बनाया था।"

द्रविड़ ने कहा, "हम उम्मीद कर रहे हैं कि अगले तीन-चार मैचों में वह चलें। हम उनकी क्वालिटी और सक्षमता को जानते हैं। वह इन परिस्थितियों को अच्छी तरह जानते हैं। उनका बैक फुट गेम काफी अच्छा है जो इन परिस्थितियों के लिए जरूरी है।" 
 

Advertisement

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार