चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी मुकाबले के दौरान एक ऐसा नज़ारा देखने को मिला जो कोई भी क्रिकेट फैन नहीं देखना चाहेगा। दरअसल, जब अफगानिस्तान की टीम बल्लेबाजी कर रही थी तभी रहमानुल्लाह गुरबाज़ को कीवी टीम के खिलाड़ियों फिन एलन और टिम सीफर्ट के बीच गलतफहमी के कारण जीवनदान मिल गया।
इतना ही नहीं, इन दोनों के बीच कैच पकड़ने के चक्कर में टक्कर भी हो गई जिसके चलते ये अहम कैच छूट गया। ये घटना अफगानिस्तान की पारी के तीसरे ओवर में हुई जब गुरबाज ने मैट हेनरी की गेंद पर एक बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की। गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे पर लगी और विकेट के पीछे हवा में काफी ऊपर चली गई। विकेटकीपर टिम सीफर्ट कैच आसानी से पकड़ते हुए दिख रहे थे लेकिन शॉर्ट फाइन लेग पर खड़े फिन एलन भी इस कैच को पकड़ने के लिए दौड़ पड़े।
आखिरी पल में, एलन की सीफर्ट से ज़ोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों खिलाड़ी अपना संतुलन खो बैठे और गेंद ज़मीन पर गिर गई। इस कैच छूटने से गुरबाज को एक अहम जीवनदान मिल गया। हालांकि, गनीमत ये रही कि इस टक्कर के दौरान दोनों खिलाड़ियों को ज्यादा चोट नहीं लगी। इस घटना का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड को मैच जीतने के लिए 182 रनों का लक्ष्य मिला था जिसे उन्होंने 5 विकेट खोकर 18वें ओवर में ही हासिल कर लिया। कीवी टीम के लिए बल्लेबाजी में विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने 42 गेंदों में 65 रनों की पारी खेली। सीफर्ट के अलावा ग्लेन फिलिप्स ने भी 42 रनों की अहम पारी खेली और टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ ही कीवी टीम ने अपना खाता खोल लिया है जबकि अफगानिस्तान को अब पॉइंट्स टेबल में पहले पॉइंट्स हासिल करने के लिए थोड़ा सा इंतज़ार करना होगा।