2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन में, वेन्यू बदलने की खबरों में एक खबर हैदराबाद से भी है। वहां के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (Rajiv Gandhi International Cricket Stadium) में बड़े पैमाने पर रिनोवेशन का काम चल रहा है, इसलिए मौजूदा सीजन में हैदराबाद टीम अपने सभी घरेलू मैच जिमखाना ग्राउंड (Gymkhana Ground) में खेल रही है। इस फैसले के साथ ही जो जिमखाना ग्राउंड इस शहर की क्रिकेट में चर्चा से सालों से बाहर था, एक बार फिर सामने और चर्चा में आ गया है।

जब तक हैदराबाद में उप्पल (Uppal) में एक आधुनिक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम नहीं बना था, जिमखाना ही हैदराबाद क्रिकेट की पहचान था। फ्लड लाइट्स, बड़ी इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन और खचाखच भरे इंटरनेशनल स्टेडियमों के क्रिकेट की पहचान बनने से बहुत पहले, सिकंदराबाद के जुड़वां शहर का ये जिमखाना ग्राउंड ही, हैदराबाद क्रिकेट का सेंटर था। अब, इस ऐतिहासिक ग्राउंड के पास घरेलू क्रिकेट में अपनी जगह फिर से हासिल करने का मौका है।

जिमखाना ग्राउंड तो इतना पुराना है कि यहां 19वीं सदी से ही क्रिकेट खेल रहे हैं। ब्रिटिश आर्मी ऑफिसर, शहर के नवाब और पारसी कम्युनिटी के लोग यहां खेलते थे। 1931 में, मोइन-उद-दोला गोल्ड कप (Moin-ud-Dowlah Gold Cup) टूर्नामेंट के तहत यहां, हैदराबाद और महाराज कुमार ऑफ विजयनगरम की टीम के बीच पहला फर्स्ट-क्लास मैच खेला गया। तीन साल बाद, एमसीसी टीम यहां खेली और ये हैदराबाद में खेलने वाली पहली ऑफिशियल विदेशी टीम थी। मेहमान टीम में इंग्लैंड के दो मशहूर बल्लेबाज, जैक हॉब्स और हर्बर्ट सटक्लिफ भी थे। इस मैच ने जिमखाना को क्रिकेट के नक्शे पर एक जानी-मानी जगह के तौर पर पहचान दिलाई।

जिमखाना का इतिहास मोइन-उद-दोला गोल्ड कप से भी गहराई से जुड़ा है। इसे 1930–31 में नवाब मोइन-उद-दोला की मदद से शुरू किया था। इस इंविटेशनल टूर्नामेंट में भारत के बेहतरीन क्रिकेटर और विदेशी खिलाड़ी एक साथ खेलते थे। सालों तक यह ग्राउंड,1888 में बने सिकंदराबाद यूनियन क्लब (SUC) से जुड़ा रहा और इसे SUC ग्राउंड्स भी कहते थे हालांकि जिमखाना नाम ज्यादा मशहूर रहा।

1960 के दशक में, जब रेसकोर्स को मलकपेट (Malakpet) शिफ्ट कर दिया तो आंध्र प्रदेश स्पोर्ट्स काउंसिल और हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) ने कैंटोनमेंट बोर्ड से क्रिकेट, हॉकी और फुटबॉल के ग्राउंड लीज पर ले लिए। इससे ग्राउंड को एक बड़ी अच्छी पहचान मिली।

1978–79 में तो हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने अपना हेडक्वार्टर भी लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम (जिसे पहले फतेह मैदान भी कहते थे) से जिमखाना शिफ्ट कर दिया। इस से यह ग्राउंड हैदराबाद क्रिकेट के विकास के लिए एक एडमिनिस्ट्रेटिव सेंटर, ट्रेनिंग बेस और क्रिकेट एक्टिविटी का सेंटर बन गया।

यहां 1997 के महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के मैच खेले और ईरानी कप भी। विदेशी टीमों का यहां खेलना तो आधुनिक दौर में भी जारी रहा। 1982–83 सीजन से तो जिमखाना, रणजी ट्रॉफी क्रिकेट का नियमित वेन्यू बन गया। इससे पहले बड़े मैच फतेह मैदान में खेलते थे। इसका इतिहास ही, हैदराबाद क्रिकेट का इतिहास बनता गया। हैदराबाद की टीम 1986–87 में रणजी ट्रॉफी फाइनल खेली और 1987–88 में ईरानी कप जीता।

जिमखाना ग्राउंड का जिक्र एक बड़े विवाद की चर्चा के बिना अधूरा रहेगा। सितंबर 2022 में, जब राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत-ऑस्ट्रेलिया टी20 इंटरनेशनल होना था तो हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने मैच के टिकट ऑन लाइन बुकिंग कराने वालों को फ़िज़िकल टिकट देने का सेंटर, जिमखाना ग्राउंड को बना दिया। हजारों की भीड़ वहां आ गई जबकि एसोसिएशन ने कोई खास इंतजाम किया नहीं था। हालात बेकाबू हो गए, भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। 20 से ज़्यादा लोगों के घायल होने की खबर आई।

इस बदनामी के बाद एसोसिएशन पर खराब मैनेजमेंट और टिकट की ब्लैक मार्केटिंग के आरोप लगे। इतना ही नहीं उन पर धोखाधड़ी और लापरवाही के लिए पुलिस केस भी दर्ज हुआ। बदनामी की हर चर्चा में जिमखाना ग्राउंड का नाम था।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस सीजन में हैदराबाद के अपने सभी घरेलू रणजी ट्रॉफी मैच जिमखाना ग्राउंड में खेलने के फैसले से, इस ग्राउंड को भी एक लाइफ लाइन मिली है। इसी फैसले के बाद हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने ग्राउंड में रिनोवेशन भी करा दिया। भारत के पूर्व इंटरनेशनल खिलाड़ी अंबाती रायडू की क्रिकेट ऑपरेशन्स टीम की देखरेख में, सभी 9 पिच को फिर से तैयार किया: चार काली मिट्टी से, तीन लाल मिट्टी से और दो 50-50 के मिश्रण से। ग्राउंड में कुछ और बदलाव भी किए हैं। हैदराबाद के सभी घरेलू मैच जिमखाना में लौटने से इस वेन्यू को आधुनिक फर्स्ट-क्लास क्रिकेट की जरूरतों को पूरा करते हुए, अपने अतीत से फिर से जुड़ने का मौका मिला है। भले ही उप्पल, हैदराबाद का आधुनिक इंटरनेशनल शोकेस हो, लेकिन जिमखाना उन जगह में से एक है जहां शहर की क्रिकेट पहचान बनी थी।

लेखक के बारे में

Charanpal Singh Sobti
Charanpal Singh Sobti is a veteran cricket writer with more than five decades of experience covering the game. At Cricketnmore, he brings his extensive knowledge, unique perspective and deep understanding of cricket to readers through insightful news, analysis, historical pieces and fascinating stories from the world of cricket. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार