टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने अनुभव को तरजीह देते हुए उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया है, जो लंबे समय बाद टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरूआत करने से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जिसके बाद टीम मैनेजमेंट को मजबूरन स्क्वॉड में बदलाव करना पड़ा है।
हर्षित राणा को यह चोट भारत और साउथ अफ्रीका के बीच बुधवार (4 फरवरी) को खेले गए 10वें वॉर्म-अप मुकाबले के दौरान लगी थी। नवी मुंबई में खेले गए इस मैच में एक ओवर के दौरान उन्होंने दो बार रन-अप रोकते हुए घुटने को पकड़ लिया था और इसके बाद मैदान छोड़ना पड़ा। मेडिकल जांच में घुटने की गंभीर चोट सामने आने के बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया।
इस झटके के बाद बीसीसीआई चयनकर्ताओं ने तुरंत अनुभव पर भरोसा जताते हुए मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल करने का फैसला किया। आईसीसी ने चोट के विकल्प के तौर पर सिराज की एंट्री को मंजूरी दे दी है और वह 6 फरवरी को मुंबई में भारतीय टीम से जुड़ चुके हैं।
सिराज लंबे समय बाद भारत की टी20 टीम में लौटे हैं। उन्होंने आखिरी बार जुलाई 2024 में टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। हालांकि सीमित ओवरों में उनकी हालिया मौजूदगी कम रही है, लेकिन टेस्ट और वनडे क्रिकेट में वह भारत के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि सिराज 2024 में भारत की T20 वर्ल्ड कप विजेता टीम का भी हिस्सा थे। ऐसे में बड़े टूर्नामेंट का अनुभव चयनकर्ताओं के फैसले की सबसे बड़ी वजह बना। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में यूसए के खिलाफ खेलेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि सिराज के प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं।
मोहम्मद सिराज अब तक भारत के लिए 16 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 32.28 की औसत और 7.79 की इकॉनमी रेट से कुल 14 विकेट झटके हैं। भले ही टी20 फॉर्मेट में उनका अनुभव सीमित रहा हो, लेकिन टेस्ट और वनडे क्रिकेट में सिराज भारत के सबसे भरोसेमंद स्ट्राइक गेंदबाजों में गिने जाते हैं। इन दोनों फॉर्मेट में वह करीब 100 मुकाबले खेल चुके हैं और 200 से ज्यादा विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत का अपडेटेड टी20 वर्ल्ड कप 2026 स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर और मोहम्मद सिराज।