India vs England U-19 World Cup 2026 Final Highlights: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड पर पूरी तरह दबदबा बनाया। वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्डतोड़ शतक ने मैच की दिशा पहले ही तय कर दी। 400 से ज्यादा रन के विशाल स्कोर के दबाव में इंग्लैंड की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटकते हुए वापसी का कोई मौका नहीं दिया। अंत में भारत ने 100 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर छठी बार खिताब अपने नाम किया।

Advertisement

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला शुक्रवार (6 फरवरी) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया। टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और खिताबी मुकाबले में इतिहास रच दिया।

Advertisement

भारत को शुरुआत में एरॉन जॉर्ज के रूप में पहला झटका जरूर लगा, लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने पारी को मजबूती दी। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 142 रन की शानदार साझेदारी हुई। सूर्यवंशी ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन ठोक दिए। इस दौरान उनके बल्ले से 15 चौके और 15 छक्के निकले। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी रही।

कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए 51 गेंदों में 53 रन बनाए। मध्यक्रम में अभिज्ञान कुंडु ने 31 गेंदों में 40 रन, वेदांत त्रिवेदी ने 36 गेंदों में 32 रन और विहान मल्होत्रा ने 36 गेंदों में 30 रन जोड़कर स्कोर को और मजबूत किया। अंत में कनिष्क चौहान ने 20 गेंदों में नाबाद 37 रन ठोककर भारत को 411 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। जिसके चलते भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप के प्लेऑफ मुकाबलों में 350 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली टीम भी बनी।

इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में जेम्स मिंटो ने 3 विकेट लिए, जबकि सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन को 2-2 सफलता मिली। मैनी लुम्सडेन ने भी एक विकेट झटका।

411 रन के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और जोसेफ मूरेस 17 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि बेन डॉकिन्स और बेन मेयस ने दूसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़कर कुछ उम्मीद जगाई। डॉकिन्स ने 56 गेंदों में 66 रन बनाए, जबकि मेयस ने 28 गेंदों में 45 रन की तेज पारी खेली।

Advertisement

इसके बाद कालेब फाल्कनर ने एक छोर से जबरदस्त संघर्ष करते हुए 67 गेंदों में 115 रन की शतकीय पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे और इंग्लैंड की टीम 40.1 ओवर में 311 रन पर सिमट गई।

भारत की ओर से आरएस अंबरीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे और खिलान पटेल को भी 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस तरह भारत ने फाइनल मुकाबला 100 रन से जीतकर छठी बार आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की और एक बार फिर जूनियर क्रिकेट में अपना दबदबा साबित किया।

Advertisement

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार