कोलंबो, 23 नवंबर (CRICKETNMORE)| सिंहली स्पोटर्स क्लब ग्राउंड में श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार को बल्ले से मेहमान टीम के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो (110) ने अपना दम दिखाया तो गेंद से मेजबान टीम के स्पिनर लक्षण संदकाना (चार विकेट) ने अपनी टीम की मदद की। बेयरस्टो के शतक की मदद से इंग्लैंड ने पहले दिन का अंत सात विकेट के नुकसान पर 312 रनों के साथ किया। मोइन अली 23 और आदिल राशिद 13 रन बनाकर खेल रहे हैं।
बेयरस्टो ने शतक लगाकर अपनी टीम को मजबूत करने की कोशिश की तो वहीं संदकाना ने इंग्लैंड के मध्य क्रम को कमजोर किया।
इंग्लैंड ने 36 के कुल स्कोर पर ही अपने दो विकेट खो दिए थे। रोरी बर्न्स् (14) और कीटन जेनिंग्स (13) जल्दी पवेलियन लौट लिए थे। यहां से बेयरस्टो को कप्तान जोए रूट (46) का साथ मिला। दोनों ने स्कोर 136 तक पहुंचा दिया। रूट को आउट कर संदकाना ने अपना खाता खोला। इसके बाद बेन स्टोक्स (57) भी संदकाना की फिरकी में फंस गए।