टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज के दूसरे मुकाबले में श्रीलंका का सामना इंग्लैंड से होने वाला है और इस मुकाबले से पहले श्रीलंकाई फैंस थोड़े से परेशान नजर आ रहे हैं। दरअसल, इंग्लिश टीम अपने तीन सुपर 8 मैचों में से दो कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी और पल्लेकेले में इंग्लैंड का रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है जिसे देखकर ये कहा जा सकता है कि श्रीलंका के लिए ये मुकाबला बिल्कुल आसान नहीं होने वाला है।
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम इंग्लैंड के लिए काफी अच्छा रहा है। उन्होंने यहां छह टी-20I खेले हैं, जिसमें से चार में उन्हें जीत मिली है और सिर्फ दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले, इंग्लैंड ने तीन वनडे और 3 टी-20I मैचों लिए श्रीलंका का दौरा किया था। पूरी टी-20I सीरीज़ इसी मैदान पर खेली गई थी और इंग्लैंड ने मेज़बान टीम को 3-0 से हराया था।
कैंडी में इंग्लैंड का पहला टी-20I मैच 2012 टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान हुआ था। उस एडिशन में उनका मुकाबला 27 सितंबर को कैंडी में वेस्टइंडीज़ से हुआ। जॉनसन चार्ल्स की 56 गेंदों में 84 रन की पारी की बदौलत विंडीज़ ने 179/5 का स्कोर बनाया। इस मैच में क्रिस गेल ने भी 35 गेंदों में 58 रन बनाए। जवाब में, एलेक्स हेल्स ने मुश्किल पिच पर धीमी हाफ सेंचुरी बनाई। जॉनी बेयरस्टो ने भी 29 गेंदों में 18 रनों की काफी धीमी पारी खेली जिसके चलते इंग्लैंड को 15 रन से हार का सामना करना पड़ा।