टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया की जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। वहीं, बॉर्डर पार से भी भारत को बधाई मिल रही है लेकिन साथ ही कड़ी प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख्तर ने भारत की जीत के बाद एक ऐसा बयान दिया है जो शायद भारतीय फैंस को पसंद नहीं आएगा। अख्तर ने कहा है कि भारत के आगे बढ़ने से क्रिकेट बर्बाद हो गया है।
भारत ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल में न्यूज़ीलैंड को हराकर 96 रन से बड़ी जीत हासिल की और टूर्नामेंट के इतिहास में अपना तीसरा टी-20 वर्ल्ड कप खिताब जीता। जहां ज़्यादातर क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने ज़बरदस्त परफॉर्मेंस की तारीफ़ की। वहीं, अख्तर ने एक विवादित बयान दिया। अख्तर ने भारत की तुलना एक अमीर बच्चे से की जो पड़ोस के खेल पर हावी हो रहा हो।
टैपमैड शो गेम ऑन है के दौरान अख्तर ने कहा, “ये वैसा ही है जैसे पड़ोस में एक अमीर बच्चा हो जो सभी गरीब बच्चों को बुलाकर कहे, ‘आओ, क्रिकेट खेलते हैं।’ भारत हमारे साथ ठीक यही कर रहा है। आठ टीमों में से, वो चार को रखते हैं और उन चार में से वो फिर से तीन को बुलाते हैं और आगे बढ़ते हैं और फिर वो कहते हैं, ‘देखो, मैं जीत गया।’ उन्होंने क्रिकेट को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है।”