बेसबॉल दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय खेलों में से एक है। मूलत: अमेरिका का माना जाने वाला यह खेल जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान, क्यूबा, डोमिनिकन गणराज्य, वेनेजुएला, और कैरेबियन व लैटिन अमेरिका के अन्य देशों में भी लोकप्रिय है। भारत में भी यह खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
बेसबॉल का इतिहास बेहद पुराना है। यह खेल इंग्लैंड के राउंडर्स और क्रिकेट से विकसित हुआ। बेसबॉल इंग्लैंड के प्राचीन बैट एंड बॉल से निकला है। बाद में बेसबॉल नियमों में बदलाव किया गया। 19वीं सदी में इस खेल को उसका आधुनिक रूप अमेरिका में मिला। 1840 और 1850 के दशक में बेसबॉल एक संगठित खेल के रूप में विकसित हुआ था। न्यूयॉर्क शहर और ब्रुकलिन में टीमें स्थापित की गईं। 1845 में अलेक्जेंडर कार्टराइट ने ऐसे नियम बनाए जिन्हें व्यापक रूप से अपनाया गया। नियम के मुताबिक, 90 फीट की दूरी वाले बेस, तीन आउट वाली पारी और डायमंड आकार का मैदान होना आवश्यक था। 1866 तक बेसबॉल को राष्ट्रीय मनोरंजन माना जाने लगा था। 1869 में सिनसिनाटी रेड स्टॉकिंग्स पहली पूरी तरह पेशेवर टीम बनी।
1903 में अमेरिकन लीग और नेशनल लीग के बीच पहला वर्ल्ड सीरीज खेला गया। जापान में 19वीं सदी के अंत में अमेरिकी शिक्षकों ने इसे शुरू किया था, वहीं क्यूबा में यह 1860 के दशक से खेला जा रहा है।