श्रीलंकाई कप्तान चामरी अटापट्टू ने हालिया शानदार प्रदर्शन के साथ आईसीसी विमेंस टी20 रैंकिंग में शानदार बढ़त हासिल की है। अटापट्टू को टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में तीन स्थान का फायदा मिला है, जबकि ऑलराउंडर्स की सूची में उन्होंने 2 स्थानों की छलांग लगाई है।
चामरी अटापट्टू को बांग्लादेश के खिलाफ श्रीलंका की 3-0 की शानदार जीत में 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था। इस अनुभवी खिलाड़ी ने तीन पारियों में कुल 115 रन बनाने के अलावा, चार विकेट भी लिए थे।
इस हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में चामरी 41वें स्थान पर पहुंच गई हैं। इसके अलावा, ऑलराउंडर्स की सूची में भी उन्होंने तीसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया है। इसी के साथ अटापट्टू ने भारत की दीप्ति शर्मा और ऑस्ट्रेलिया की एश गार्डनर को पछाड़ दिया है। ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में अब उनसे आगे सिर्फ न्यूजीलैंड की कप्तान एमी केर और वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज ही हैं।