क्रिकेटरों की मौत के तरीके में बीमारी से लेकर एक्सीडेंट, युद्ध, आपसी रंजिश, डकैती, आत्महत्या और खेल के दौरान चोट और ह्त्या भी....सब मिल जाएंगे पर ये मौत के उस तरीके का किस्सा है जो सिर्फ एक क्रिकेटर के नाम है।
ऑस्ट्रेलिया में पिछले दिनों फिल हेंडरसन नाम के एक व्यक्ति का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। इस खबर का क्रिकेट में कहीं जिक्र नहीं हुआ- वे क्रिकेट से किसी भी तरह से जुड़े नहीं थे तो होता भी क्यों? यहां उनका जिक्र इसलिए कर रहे हैं चूंकि वे क्रिकेट इतिहास की सबसे अजीब, दुखद और दर्दनाक घटना से जुड़ी आखिरी कड़ी थे।
फिल, ऑस्ट्रेलिया आर्मी के एक ऑफिसर और शौकिया क्रिकेटर, कैप्टन आर्थर हेंडरसन के जीवित बचे, आखिरी बेटे थे। कैप्टन हेंडरसन दुनिया के अकेले क्रिकेटर हैं जिनकी (1952 में एडिलेड में) एक मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।