इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श की शतकीय पारी बेकार गई, क्योंकि मेहमान टीम ने रविवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले को 7 रन से अपने नाम किया। इसी के साथ इंग्लैंड ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त हासिल ली है। अंतिम मुकाबला 2 दिसंबर को कैनबरा में खेला जाना है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद 20 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 181 रन बनाए। इस टीम को 7 के स्कोर पर फिलिप साल्ट (7) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद 32 रन तक 4 विकेट गिर गए। यहां से जेम्स कोल्स ने जॉर्डन कॉक्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 36 गेंदों में 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 76 के स्कोर तक पहुंचा दिया। कॉक्स 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
यहां से सैम करन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने जेम्स कोल्स (33) के साथ छठे विकेट के लिए 17 रन और लियाम डॉसन (23) के साथ सातवें विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी की। करन ने जेमी ओवरटन (नाबाद 20) के साथ आठवें विकेट के लिए 20 गेंदों में 51 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। करन 28 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 50 रन बनाकर नाबाद रहे।