एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान-ए की भिड़ंत श्रीलंका-ए के साथ हो रही है। वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान-ए के कप्तान अब्दुल समद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
पाकिस्तान-ए का प्रदर्शन अब तक टूर्नामेंट में शानदार रहा है। टीम ने अब तक खेले सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की है। सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश-ए को 5 विकेट से हराया था। बांग्लादेश को 232 रनों के टोटल पर रोकने के बाद पाकिस्तान ने लक्ष्य को 45.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया था।
पाकिस्तान की ओर से बल्लेबाजी में हसन नवाज का प्रदर्शन टूर्नामेंट में दमदार रहा है। वह 4 मुकाबलों में 44 की औसत से खेलते हुए 176 रन बना चुके हैं। वहीं, माज सदाकत ने 4 मैचों में अब तक 131 रन बनाए हैं। पाकिस्तान के गेंदबाज खासतौर पर इस टूर्नामेंट में कमाल की लय में दिखे हैं। सुफयान मोकिम टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। वह 4 मुकाबलों में 10 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। वहीं, अली रजा ने 3 मैचों में 8 विकेट निकाले हैं।