ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगा है। रैंडम ब्रेथ टेस्ट में उनका अल्कोहल लेवल कानूनी सीमा से दोगुने से ज्यादा पाया गया। मामला 5 अप्रैल का है, जब सिडनी के पूर्वी इलाके में पुलिस ने रोडसाइड जांच के दौरान उन्हें रोका था।
गुरुवार को वेवर्ली स्थानीय अदालत में इस मामले की पहली सुनवाई हुई। हालांकि, वार्नर को खुद कोर्ट में पेश होने की जरूरत नहीं पड़ी। उनके वकील, बॉबी हिल, ने अदालत को बताया कि पुलिस को कुछ रिप्रेजेंटेशन दिए गए हैं और उन पर जवाब आने तक मामले को आगे बढ़ाने की मांग की गई है। कोर्ट ने अगली सुनवाई 24 जून तय की है।
वार्नर के वकील ने कहा कि क्रिकेटर अपनी गलती मानते हैं और उन्हें इस फैसले पर पछतावा है। हिल के मुताबिक, वार्नर ने एक दोस्त के अपार्टमेंट में तीन ग्लास वाइन पी थी और उसके बाद उबर लेने की बजाय खुद कार चलाने का फैसला किया, जिसे उन्होंने लापरवाही और बेवकूफी भरा कदम बताया।