फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने बेरेकुम चेल्सी एफसी के खिलाड़ी डोमिनिक फ्रिम्पोंग के दुखद निधन पर संवेदना व्यक्त की है। बताया जा रहा है कि यह घटना घाना प्रीमियर लीग के एक मैच के बाद हुई, जिसमें बेरेकुम चेल्सी का मुकाबला पूर्व चैंपियन एफसी समार्टेक्स 1996 से था।
20 वर्षीय फुटबॉलर की जान उस समय चली गई, जब घाना प्रीमियर लीग के मैच से लौटते समय बेरेकुम चेल्सी एफसी की टीम बस पर हमला हुआ।
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट 'इंस्टाग्राम' पर लिखा, "बेरेकुम चेल्सी फुटबॉल क्लब के डोमिनिक फ्रिम्पोंग के दुखद निधन के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। यह घटना तब हुई, जब टीम घाना प्रीमियर लीग के एक मैच से लौट रही थी और उनकी बस पर हमला किया गया। वैश्विक फुटबॉल समुदाय और फीफा में मौजूद हर व्यक्ति की ओर से हम उनके परिवार, दोस्तों, बेरेकुम चेल्सी एफसी के सभी सदस्यों और उन सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं, जो उन्हें जानते थे।"