स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज फ्रेंच ओपन 2026 से पहले फिटनेस संबंधी समस्या का सामना कर रहे हैं। कलाई की चोट से जूझ रहे अल्काराज ने स्वीकार किया है कि मेडिकल टेस्ट के बाद तय होगा कि वह अगले फ्रेंच ओपन में हिस्सा ले पाएंगे या नहीं।
दुनिया के नंबर 2 खिलाड़ी को यह समस्या बार्सिलोना में अपने शुरुआती मुकाबले के दौरान हुई, जिसके बाद उन्हें बार्सिलोना ओपन और मैड्रिड ओपन जैसे बड़े टूर्नामेंट्स से हटना पड़ा। यह चोट ऐसे समय पर आई है जब अल्काराज शानदार फॉर्म में थे और रोलां गैरोस में दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरने की तैयारी कर रहे थे।
अल्काराज ने कहा, "मैं जल्दीबाजी नहीं, बल्कि थोड़ा इंतजार करके पूरी तरह फिट होकर लौटना पसंद करूंगा। मैं जल्दीबाजी कर अपनी स्थिति और खराब नहीं करना चाहता। लंबा करियर सामने है, इसलिए सावधानी बेहद जरूरी है।"