दलीप ट्रॉफ़ी के दूसरे राउंड में इंडिया बी और इंडिया सी के बीच खेले जा रहे मुक़ाबले के तीसरे दिन इंडिया बी के बल्लेबाज़ क्रीज़ पर जमे रहे। इसमें सबसे बड़ा योगदान उनके कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन का रहा जो 143 रनों के निजी स्कोर पर नाबाद ही पवेलियन लौटे।
हालांकि तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद इंडिया बी सात विकेट पर 309 रन अभी भी इंडिया सी से 216 रन पीछे है और इसकी बड़ी वजह अंशुल कंबोज बने जिन्होंने पंजा निकालते हुए इंडिया बी की एक अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील होने से रोक लिया।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंडिया सी ने इशान किशन की शतकीय और मानव सुथार, ऋतुराज गायकवाड़ और बाबा इंद्रजीत की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 525 रनों का विशालकाय स्कोर खड़ा किया था। दूसरे दिन इंडिया सी की पूरी टीम को समेटने के बाद इंडिया बी की शुरुआत भी बेहतरीन हुई थी और दूसरे दिन के खेल की समाप्ति के बाद इंडिया बी ने स्कोरबोर्ड पर बिना विकेट गंवाए 124 रन टांग दिए थे।