टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर के मुकाबले में वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने वो कर दिखाया जिसकी किसी ने उम्मीद भी नहीं की थी। नंबर-9 पर बल्लेबाजी के लिए उतरे शेफर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप में अर्धशतक जड़ इतिहास रच दिया और ये कारनामा करने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
आईसीसी मेन्स टी 20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार (26 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सुपर-8 मुकाबले में रोमारियो शेफर्ड ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ नंबर-9 पर बल्लेबाजी करने उतरे इस 31 वर्षीय ऑलराउंडर ने 37 गेंदों में नाबाद 52 रन ठोक दिए।
अपनी पारी में शेफर्ड ने 3 चौके और 4 छक्के लगाए और सिर्फ 87 रन पर ही 7 विकेट गिर जाने के बाद टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला। उन्होंने जेसन होल्डर (31 गेंदों में 49 रन) के साथ आठवें विकेट के लिए 57 गेंदों में 89 रन की शानदार साझेदारी की। यह टी20 इंटरनेशनल में आठवें विकेट या उससे नीचे के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। इस दमदार पार्टनरशिप की बदौलत वेस्टइंडीज पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रन तक पहुंच सका।