आईपीएल 2026 में सोमवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच मुकाबला खेला गया। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की घातक गेंदबाजी के दम पर आरसीबी ने डीसी को हरा दिया। न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल मैक्लेनाघन मैच के बाद भुवनेश्वर और हेजलवुड की तारीफ की।
मिशेल मैक्लेनाघन ने जियोस्टार से बात करते हुए कहा, "भुवनेश्वर कुमार की असली ताकत लगातार कुछ नया करने में नहीं, बल्कि अपने बुनियादी हुनर पर पूरी तरह से महारत हासिल करने में है। वह लगातार वही चीजें बार-बार दोहरा रहे हैं, और इसमें बेहतर होते जा रहे हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट से मिले ब्रेक की वजह से अब उन्हें पूरे साल अपने समय को बेहतर ढंग से मैनेज करने में मदद मिल रही है। उन्हें अपनी फिटनेस पर काम करने और तरोताजा रहने के लिए काफी समय मिल रहा है। उनके पास काफी अनुभव है और वह जानते हैं कि दबाव वाले हालात से कैसे निपटना है। बात बस इतनी है कि आप वही कर पाएं जो आप हमेशा से करते आ रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर का नई गेंद के साथ हमेशा जबरदस्त असर रहा है। वह हमेशा उन जगहों पर गेंद डालते हैं जिनसे बल्लेबाजों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। स्विंग पर उनका नियंत्रण है। ये हम सभी देख रहे हैं।