बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में 10 से 22 नवंबर तक एक ट्राई-सीरीज का आयोजन होगा, जिसमें भारत की दो अंडर-19 महिला टीमें नेपाल का सामना करेंगी। यह सीरीज अगले साल होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप की तैयारियों के अंतिम चरण का हिस्सा है, जिसमें दो बार की चैंपियन भारतीय टीम अपने खिताब को बचाने की कोशिश करेगी।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (सीएएन) के सचिव पारस खड़का द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस सीरीज में भारत की अंडर-19 महिला 'ए' और 'बी' टीमों के साथ नेपाल की अंडर-19 महिला टीम हिस्सा लेगी। 12 नवंबर को भारत की अंडर-19 'बी' टीम का मुकाबला नेपाल से होगा, और फिर 14 नवंबर को नेपाल की टीम भारत की 'ए' टीम से भिड़ेगी। इसके बाद 18 नवंबर को भारत की अंडर-19 'बी' टीम फिर से नेपाल का सामना करेगी, और 20 नवंबर को भारत की अंडर-19 'ए' टीम नेपाल के खिलाफ खेलेगी। यह ट्राई-सीरीज 22 नवंबर को फाइनल मैच के साथ समाप्त होगी। सभी मैच भारतीय समय के अनुसार, दोपहर 1 बजे शुरू होंगे।
बांग्लादेश और नेपाल में 21 जनवरी से 6 फरवरी तक होने वाले आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप 2027 के ग्रुप ए में भारत को सह-मेजबान नेपाल, वेस्टइंडीज और आयरलैंड के साथ रखा गया है। दो बार की चैंपियन भारतीय टीम 22 जनवरी को काठमांडू में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।