दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 48वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है। मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में दोनों ही टीमें जीत दर्ज करते हुए प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहेंगी।
चेन्नई सुपर किंग्स 9 में से 4 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर मौजूद है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने 9 में से 4 मैच जीते हैं, लेकिन नेट रन रेट में कमी के कारण यह टीम सीएसके से एक पायदान नीचे, 7वें स्थान पर है।
टॉस जीतने के बाद डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। पिच अच्छी लग रही है और दूसरी पारी में यह थोड़ी धीमी हो सकती है। हम गेंदबाजों को इसका फायदा देना चाहते हैं। यह एक अहम मैच है, लेकिन आप प्वाइंट्स के बारे में नहीं सोच सकते, इससे आप पर बेवजह दबाव पड़ता है। बस अपनी बुनियादी चीजें सही से करें और नतीजों के बारे में न सोचें। मुझे लगता है कि हमने बल्लेबाजी और गेंदबाजी काफी अच्छी की है। फील्डिंग में हम और बेहतर कर सकते थे। हमारी टीम में एक बदलाव है। काइल जैमीसन की जगह लुंगी एनगिडी टीम में आए हैं।"